Begusarai News : बेगूसराय में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। ताजा मामले में बेखौफ अपराधियों ने एक युवक की निर्मम तरीके से हत्या कर उसके शव को बहियार में फेंक दिया। युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के कुसमहौत बहियार की बताई जा रही है। जहां से पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के परना वार्ड-8 निवासी विजय सिंह के पुत्र अमित कुमार के रूप में की गई है।
परिजनों के मुताबिक, अमित रात में खाना खाने के बाद किसी काम से घर से बाहर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। रविवार की सुबह कुसमहौत बहियार में उसका शव मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि लूटपाट की नीयत से अपराधियों ने अमित कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी। वहीं स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि गांजा पीने को लेकर हुए विवाद में यह हत्या की गई हो सकती है। हालांकि, पुलिस अभी सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
जिले में बढ़ते अपराध ने बढ़ाई चिंता
जिले में लगातार सामने आ रही हत्या, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हाल के दिनों में अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे खुलेआम वारदात को अंजाम देकर फरार हो जा रहे हैं। ऐसे में कानून-व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है।


