Begusarai News : बेगूसराय में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। युवक शुक्रवार दोपहर से लापता था। शनिवार को उसका शव मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पसपुरा गांव के पास मिला, जहां शव के ऊपर ही उसकी बाइक गिरी हुई थी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतक की पहचान फुलवरिया के बरौनी बिचला टोला वार्ड संख्या-10 निवासी मोहम्मद हारुण के पुत्र मोहम्मद मासूम उर्फ पांवरोटी (20) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर में गहरा जख्म पाया गया है, जिससे हत्या और सड़क हादसा दोनों की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
परिजनों ने बताया कि अलग-अलग मामलों में मोहम्मद मासूम कई जेल जा चुका था। करीब 10 महीने पहले जेल से बाहर आने के बाद वह गांव में ही शांतिपूर्वक रह रहा था। उन्होंने बताया कि 17 जनवरी को कुछ युवकों ने मासूम के साथ मारपीट और जानलेवा हमला किया था, जिसको लेकर फुलवरिया थाना में मामला दर्ज कराया गया था। आरोपियों ने बदला लेने की धमकी भी दी थी।
परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार को भी एक महिला उनके घर आई थी और मासूम को जान से मारने की धमकी दी थी। उसी दिन दोपहर करीब एक बजे मासूम दूसरे की बाइक लेकर घर से निकला और ननिहाल पसपुरा जाने की बात कही। शाम करीब छह बजे परिजनों से उसकी बात हुई थी, तब उसने रात आठ बजे तक घर लौटने की बात कही थी, लेकिन वह वापस नहीं आया। इसके बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया।
परिजनों का आरोप है कि साजिश के तहत मासूम को बुलाकर उसकी हत्या की गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।


