Begusarai Crime News : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में मंगलवार को मछली कारोबार के पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बदमाशों ने एक 27 वर्षीय युवक की बेरहमी से पिटाई करने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, जब परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, तो उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हिंसा में बिहार पुलिस के एक जवान समेत करीब छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतक की पहचान किल्ली पहाड़पुर निवासी मो. वकील उर्फ मखिया के रूप में हुई है।
सुनसान इलाके में ले जाकर दी दर्दनाक मौत
जानकारी के अनुसार, मृतक वकील पेशे से फल और मछली का व्यवसायी था। मंगलवार को जब वह घर से दुकान के लिए निकला, तभी घात लगाए बदमाशों ने उसे किल्ली-मोहनपुर के पास दबोच लिया। आरोपी उसे एक सुनसान जगह पर ले गए, जहां पहले उसे लाठी-डंडों से अधमरा होने तक पीटा गया और फिर गोली मार दी गई। हत्या के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
परिजनों पर हमला
हत्या की खबर मिलते ही जब वकील के परिजन और ग्रामीण मोहनपुर पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद हथियारबंद हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया। इस दौरान हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में नौशाद, मुर्तुजा, शाहनवाज, किस्मत अली और मो. मुनव्वर घायल हो गए। घायल मुनव्वर बिहार पुलिस के जवान हैं और वर्तमान में सिवान में तैनात हैं। वे ईद की छुट्टियों में घर आए थे। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
डेढ़ महीने पहले पोखर से शुरू हुआ था विवाद
परिजनों ने बताया कि मछली कारोबार को लेकर स्थानीय बदमाशों से उनका पुराना विवाद चल रहा था। करीब डेढ़ महीने पहले एक निजी पोखर में मछली पकड़ने को लेकर ठन गई थी, जिसे तब स्थानीय चौकीदार ने शांत कराया था। मृतक उसी चौकीदार का साला था। माना जा रहा है कि इसी रंजिश के बदले में इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
यह मामला दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और वर्चस्व का है। इसका किसी धर्म या संप्रदाय से कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एफएसएल की टीम साक्ष्य जुटा रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
–मनीष, एसपी, बेगूसराय
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ गांव
घटना के बाद से ही मोहनपुर और आसपास के इलाकों में भारी तनाव व्याप्त है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनीष स्वयं मौके पर पहुंचे और कई थानों की पुलिस को तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। गांव में दहशत को देखते हुए फ्लैग मार्च भी किया जा रहा है।


