Begusarai News : बेगूसराय पुलिस की बर्बरता का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में तीन-चार पुलिसकर्मी एक युवक को बेरहमी से पीटते और जबरन पुलिस जीप में बैठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर भारी आक्रोश है। मामला डंडारी थाना क्षेत्र का है।
साइड मांगना बना गुनाह?
जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद सड़क पर साइड देने को लेकर शुरू हुआ। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस की गाड़ी जा रही थी, तभी साइड मांगने पर बात इतनी बढ़ गई कि पुलिसकर्मियों ने अपना आपा खो दिया। डंडारी थाना क्षेत्र के तेतरी (वार्ड संख्या 12) निवासी सुकेश कुमार शर्मा ने आपबीती बताते हुए कहा-
“हम ठेला पर लकड़ी चिरवा कर घर लौट रहे थे। सामने से पुलिस की गाड़ी आ रही थी। हमने सिर्फ इतना कहा कि हमें साइड दे दीजिए। इतने में ही पुलिसकर्मी भड़क गए और अभद्र गालियां देने लगे। विरोध करने पर मेरे भाई मुकेश कुमार शर्मा को बेरहमी से पीटा गया और गिरफ्तार कर लिया गया।”
थानों के चक्कर कटवाती रही पुलिस
परिजनों का आरोप है कि मारपीट के बाद पुलिस मुकेश को एक थाने से दूसरे थाने घुमाती रही। सुकेश के अनुसार, पहले उसे परिहारा थाना ले जाया गया, फिर डंडारी, उसके बाद बलिया और अंत में बेगूसराय भेज दिया गया। परिजनों ने पुलिस पर दुर्व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है और इस पूरे मामले पर अब तक पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


