Begusarai News : जनगणना 2027 के प्रथम चरण के सफल संचालन को लेकर जिले में तैयारियां शुरू हो गई हैं। जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार, पटना के निर्देशानुसार जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के मार्गदर्शन में सोमवार से डीआरडीए सभागार में जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों और कर्मियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 9 मार्च से 17 मार्च 2026 तक तीन अलग-अलग बैचों में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक संचालित होगा। निदेशालय द्वारा अधिकृत जिला नोडल प्रशिक्षक अमर ज्योति कुमार एवं प्रशिक्षक श्वेता सिन्हा प्रशिक्षण दे रहे हैं, जिसमें जनगणना कार्य के तकनीकी और प्रक्रियात्मक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
नोडल अधिकारियों ने बताया कि इस बार भारत की जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना 2 मई से 31 मई 2026 तक की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में वास्तविक परिगणना 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक होगी।
उन्होंने बताया कि इस बार आम नागरिक भी स्वगणना पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी गणना कर सकेंगे। इसके लिए 17 अप्रैल से 1 मई 2026 तक की अवधि निर्धारित की गई है।
प्रशिक्षण के पहले बैच में जिला स्तर के कुल 64 कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि जनगणना के प्रथम चरण के कार्यों का प्रभावी और त्रुटिरहित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सह नोडल पदाधिकारी, जनगणना प्रशिक्षण कोषांग ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित तिथि और समय पर प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से भाग लें और जनगणना कार्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना 2027 के प्रथम चरण के कार्यों को समयबद्ध, सटीक और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराना है।
कार्यक्रम में वरीय उप समाहर्ता सह अपर जिला जनगणना अधिकारी सुश्री पूजा कुमारी, जिला नियोजन पदाधिकारी, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।


