Begusarai News : बरौनी रिफाइनरी स्थित CISF आवासीय परिसर में देर रात एक महिला के गोली लगने की घटना से सनसनी फैल गई। घायल महिला की पहचान CISF के जवान टीके मिश्रा की पत्नी रेखा देवी (40) के रूप में की गई है। घटना रात करीब 12:30 बजे हुई, लेकिन इसकी जानकारी पुलिस को लगभग 12 घंटे बाद आज दोपहर में दी गई।
गोली लगने के बाद महिला को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर उसकी बांह से गोली निकाल दी। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना कैसे हुई, गोली किसने चलाई और महिला मूल रूप से कहां की रहने वाली है इन सवालों का अभी तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका है। बताया गया कि देर रात जवान टीके मिश्रा ड्यूटी पर गए थे और रेखा देवी अपने कमरे में अकेली थीं। इसी दौरान वे गोली लगने से घायल हो गईं।
मामले की सूचना आज दोपहर मिलते ही सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय और नगर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल से पूछताछ के साथ पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोली गलती से चली या इसमें किसी अन्य की संलिप्तता है।

