Begusarai News : जिले में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुचारु, पारदर्शी एवं उपभोक्ता-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (IOCL, BPCL, HPCL) के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिले में गैस आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा में यह सामने आया कि उपभोक्ताओं को बुकिंग के 5 से 6 दिनों के भीतर रिफिल सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसे संतोषजनक माना गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि चमथा और तेघड़ा स्थित गैस गोदामों का भौतिक निरीक्षण भी किया गया है। निरीक्षण के दौरान वहां किसी प्रकार की आपूर्ति संबंधी समस्या या उपभोक्ताओं की अनावश्यक भीड़ नहीं पाई गई।
उन्होंने सभी दंडाधिकारियों को गैस एजेंसियों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया, ताकि वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। साथ ही गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि सभी वितरण केंद्रों और गोदामों पर सूचना पट्ट एवं बैनर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। इनमें उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग करने, अनावश्यक भीड़ से बचने तथा 4-5 दिनों के भीतर आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की स्पष्ट जानकारी दी जाए।
डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि गैस की आपूर्ति केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही की जाए और गोदामों से प्रत्यक्ष वितरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। इसके अलावा जिला नियंत्रण कक्ष में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन उपभोक्ताओं को निर्बाध गैस आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


