Begusarai News

बेगूसराय में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान बवाल, पुलिस पर पथराव-200 झोपड़ियां ढहाई गईं

Miracare MULTISPECIALITY logo1b

Begusarai News : बेगूसराय में पिछले तीन दिनों से चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। लोहियानगर गुमटी के पास स्थित झोपड़पट्टी में नगर निगम और प्रशासन की टीम जैसे ही बुलडोजर लेकर पहुंची, वहां अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के तहत करीब 200 से अधिक झोपड़ियों को ढहा दिया गया, जिसके बाद स्थानीय लोग भड़क उठे।

पथराव में एक सिपाही घायल : अतिक्रमण हटाने के दौरान भीड़ ने अचानक पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में एक सिपाही का सिर फट गया और कई जवानों को हल्की चोटें आईं। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए लाठीचार्ज किया और उपद्रवियों को खदेड़ा। मौके पर माहौल देर तक तनावपूर्ण बना रहा।

महिलाओं और बच्चों ने भी किया विरोध : कार्रवाई के दौरान पुलिस एक युवक को गिरफ्तार करने लगी, तभी बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे सामने आ गए। उन्होंने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की की और गिरफ्तारी का विरोध किया। कुछ लोगों ने पुलिस से हाथापाई तक कर दी, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।

10 हजार लीटर से अधिक महुआ जाबा बरामद : बुलडोजर कार्रवाई के बीच प्रशासन को झोपड़पट्टी से 10 हजार लीटर से अधिक महुआ भी बरामद हुआ, जिसे अवैध मानते हुए पुलिस ने मौके पर ही नष्ट करना शुरू कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि झोपड़पट्टी में अवैध शराब निर्माण की शिकायतें लगातार मिल रही थीं।

लोगों में आक्रोश, प्रशासन सख्त : अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से झोपड़पट्टी में रहने वाले लोगों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि प्रशासन ने उन्हें रहने का कोई विकल्प दिए बिना घर ढहा दिए। वहीं प्रशासन का कहना है कि बार-बार नोटिस देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद मजबूरी में कार्रवाई करनी पड़ी।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now