Begusarai News : बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर सोमवार की सुबह चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक यात्री के गिर जाने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मौके पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यात्री की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9 बजकर 45 मिनट पर पूर्णिया कोर्ट-हटिया कोसी एक्सप्रेस जैसे ही प्लेटफॉर्म नंबर-1 से रवाना हो रही थी, उसी दौरान एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगा। इसी क्रम में उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्लेटफॉर्म पर तैनात आरपीएफ जवानों ने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाते हुए यात्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जवानों की सूझबूझ और साहस से एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
घायल यात्री की पहचान सौरभ कुमार (उम्र 27 वर्ष), पिता दीपक कुमार, निवासी कचहरी रोड, वी-मार्ट के सामने, थाना नगर के रूप में की गई है। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेजा गया, जहाँ चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है। सुरक्षा नियमों का पालन कर ही सुरक्षित यात्रा संभव है।


