Begusarai Crime News : बेगूसराय में अपराधी बेखौफ होते जा रहे हैं। सोमवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। घटना सिंघौल थाना क्षेत्र के नागदह स्थित-49 नंबर ढाला के पास हुई। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
मृतक की पहचान 52 वर्षीय वरुण चौधरी के रूप में हुई है। वह डंडारी थाना क्षेत्र के मेहा गांव के रहने वाले थे और जमीन की खरीद-बिक्री का काम करते थे। फिलहाल, वह अपने परिवार के साथ नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-13 में रहते थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक जमीन के किसी सौदे को लेकर ही उनकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि सोमवार को वरुण चौधरी किसी जगह जमीन देखने गए थे। वहां से वह अपने एक सहयोगी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने करीब पांच गोलियां मारीं, जिससे वरुण गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही वरुण चौधरी का बेटा और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। उन्हें खून से लथपथ हालत में उठाकर पहले शहर के एक निजी क्लिनिक ले जाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस घटना के बाद एक बार फिर बेगूसराय में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हाल के दिनों में जिले में हत्या, लूट और गोलीबारी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया है।


