Begusarai News : बेगूसराय के वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नौला गांव निवासी वीडियोग्राफर सुजीत कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। पुलिस की थ्योरी से असंतुष्ट ग्रामीण और परिजनों ने सुजीत को न्याय दिलाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आज कैंडल मार्च निकालने का निर्णय लिया है।
जी.डी. कॉलेज से काली स्थान तक श्रद्धांजलि यात्रा
दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को न्याय दिलाने के लिए शनिवार (21 मार्च) को शाम 6:00 बजे से बेगूसराय शहर में एक श्रद्धांजलि सभा सह कैंडल मार्च का आयोजन किया गया है। यह यात्रा जी.डी. कॉलेज से शुरू होकर काली स्थान तक जाएगी। इस यात्रा के माध्यम से ग्रामीण और मृतक के मित्र प्रशासन से निम्नलिखित माँगें कर रहे हैं।
- मामले की हत्या के दृष्टिकोण से गहराई से जांच हो।
- घटनास्थल से 500 मीटर दूर कैसे पहुंचा मोबाइल इसकी जांच हो?
- मोबाइल को प्लास्टिक में रखकर मिट्टी में किसने दफनाया इसकी जांच हो?
- सुजीत का आइफोन घटनास्थल से कहां गायब हो गया इसकी जांच हो?
- दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
सोशल मीडिया पर भी न्याय की गूँज
सोशल मीडिया पर भी #JusticeForSujeet अभियान तेजी से वायरल हो रहा है। नौला गांव सहित जिले भर के युवा इस मुहिम से जुड़ रहे हैं। सुजीत के मित्र अमित, रोशन अनीश और सत्यम सहित परिजनों का स्पष्ट कहना है कि जब तक पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की गुत्थी नहीं सुलझाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
क्या है पूरा मामला
वीडियोग्राफर सुजीत कुमार का शव बुधवार (18 मार्च) की सुबह चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के विक्रमपुर बूढ़ी गंडक नदी पुल के पास सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिला। मंगलवार (17 मार्च) रात घर से ननिहाल के लिए निकले सुजीत का शव मिलने के बाद पुलिस इसे सड़क हादसा बता रही है, लेकिन घटनास्थल से 500 मीटर दूर केले के बागान से उसका मोबाइल बरामद होना और शरीर पर दुर्घटना जैसे निशान न मिलना हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। इधर, घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।


