Begusarai News : बेगूसराय में पिछले दो दिनों से अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे होमगार्ड अभ्यर्थियों का समर्थन करने सोमवार सुबह सांसद पप्पू यादव धरना स्थल पहुंचे। सांसद ने अभ्यर्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनकी मांगों को जायज ठहराते हुए न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने बिहार सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए और अधिकारियों से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।
वर्दी खरीद ली, साइन हो गए, फिर भविष्य से खिलवाड़ क्यों?
पप्पू यादव ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि चयन प्रक्रिया पूरी होने, वर्दी खरीदने और कागजी कार्रवाई होने के बाद भी युवाओं को नियुक्ति के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, “बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना आत्मघाती है। हमारे बेटे-बेटियां आज आत्महत्या करने पर मजबूर हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
अधिकारियों से की बात, समाधान का दिया आश्वासन
सांसद ने मौके से ही होमगार्ड के समादेष्टा (कमांडेंट) से बात की और जल्द ही गृह विभाग के संयुक्त सचिव से संपर्क साधने की बात कही। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि चयन प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी हुई है, तो उसकी जांच कराई जाए, लेकिन इसकी आड़ में शेष योग्य अभ्यर्थियों की नियुक्ति न रोकी जाए।
‘खजाना खाली, रोजगार की उम्मीद नहीं’
बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए पप्पू यादव ने कहा कि बिहार में युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद क्षीण होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का खजाना खाली हो चुका है और प्रशासन युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहा है। सांसद ने अभ्यर्थियों से भावुक अपील करते हुए कहा, “आपकी लड़ाई में मैं आपके साथ खड़ा हूं और अंतिम दम तक लड़ूंगा। लेकिन सामने होली का त्यौहार है, इसलिए मेरा आग्रह है कि आप फिलहाल भूख हड़ताल समाप्त करें।”


