Begusarai Sadar Hospital : बिहार की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था की एक और कड़वी तस्वीर बेगूसराय के सदर अस्पताल से सामने आई है। शनिवार को जब सूबे के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान एक गंभीर मरीज का हाल जानने अस्पताल पहुंचे, तो वहां की अव्यवस्था देख दंग रह गए। अस्पताल के वार्डों में न तो कोई डॉक्टर मौजूद था और न ही कोई नर्स। इस गंभीर लापरवाही को लेकर मंत्री ने मौके पर ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।
मरीज का हाल जानने पहुंचे थे मंत्री
मिली जानकारी के अनुसार, बखरी विधानसभा क्षेत्र के नावकोठी (पिरनगर, गम्हरिया) निवासी चंद्रभूषण पासवान की पत्नी रेणु देवी की तबीयत काफी बिगड़ी हुई थी। उन्हें बेहतर इलाज की उम्मीद में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मरीज का हाल-चाल जानने पहुंचे मंत्री संजय पासवान जब वार्ड में घुसे, तो नजारा चौंकाने वाला था। गंभीर हालत में पड़ी रेणु देवी के पास इलाज तो दूर, देखरेख के लिए भी कोई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था।
छुट्टी के बहाने पर भड़के मंत्री
अस्पताल में पसरे सन्नाटे और अव्यवस्था को देख मंत्री का पारा चढ़ गया। उन्होंने तत्काल सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार को फोन लगाया। बताया जाता है कि बातचीत के दौरान जब सिविल सर्जन ने ईद के कारण डॉक्टरों और नर्सों के छुट्टी पर होने का तर्क दिया, तो मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “ईद मनाना सबका अधिकार है, लेकिन अस्पताल में मरीजों को भगवान भरोसे छोड़कर छुट्टी मनाना कतई स्वीकार्य नहीं है।”
सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए करोड़ों खर्च कर रही है, लेकिन अगर मरीजों को समय पर इलाज ही न मिले, तो यह सरकार और जनता के साथ सीधा छल है।- संजय पासवान, गन्ना उद्योग मंत्री, बिहार
कार्रवाई की दी चेतावनी
मंत्री के औचक निरीक्षण से अस्पताल परिसर में घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ड्यूटी से नदारद स्वास्थ्यकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। मंत्री ने इसे ‘घोर लापरवाही’ करार देते हुए चेतावनी दी कि इस मामले की पूरी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान गायब रहने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों को चिन्हित कर उन पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


