Begusarai News : जिले में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के कमला स्थान के समीप गंगा नदी के ढाब की बताई जा रही है। मृतक की पहचान कुरहा वार्ड संख्या-12 निवासी लगभग 50 वर्षीय मोहम्मद वकील के रूप में की गई है, जो मोहम्मद इस्लाम के पुत्र थे। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद साहेबपुरकमाल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तालाब से शव को बाहर निकाला और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, मोहम्मद वकील रविवार शाम से ही लापता थे। वह भोज-भात में खाना बनाने का काम करते थे और अक्सर इसी सिलसिले में घर से बाहर रहते थे। उनके अचानक लापता होने के बाद परिवार के लोग उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन सोमवार सुबह कमला स्थान के समीप शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
साहेबपुरकमाल थाना प्रभारी सिंटू कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला गया। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
इधर, बेगूसराय में लगातार सामने आ रही हत्या, लूट और संदिग्ध मौत की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आए दिन हो रही वारदातों के कारण लोगों में असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है।


