बेगूसराय में शादी समारोह में फायरिंग : डांस कर रहे बराती के बांह में लगी गोली, जानें – आगे क्या हुआ ?

शादी- विवाह में फायरिंग से जुड़ी घटनाएं आम होती जा रही है। आपको जानकर हैरानी होगी की हर्ष फायरिंग से ना जाने कितनी ही घटनाएं घट चुकी हैं, मगर फिर भी लोग इसे करने से बाज नहीं आते। ताजा मामला बेगूसराय से सामने आया है। जहां, जिला प्रशासन की लाख कोशिशों के बावजूद हर्ष फायरिंग की घटना रुक नहीं रही। मामला मटिहानी थाना क्षेत्र के साफापुर गांव का है। जहां, बारात में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक बराती गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, साफापुर गांव निवासी इंदल यादव के बेटे की शादी मुनियप्पा गांव के रहने वाले बबलू यादव की बेटी के साथ तय हुई थी। 8 मार्च की रात साफापुर से बारात मुनियप्पा गांव पहुंची थी। इस दौरान कुछ युवकों ने डांस करने के दौरान हर्ष फायरिंग की। इसमें गांव के रहने वाले बाराती राकेश कुमार यादव को एक गोली लग गई।

बताते चलें कि गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल राकेश को इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां, युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मौजूद लोगों ने बताया कि बारात के दरवाजे पर आने के बाद सभी युवक शमियाना के बाहर डांस कर रहे थे। इसी दौरान हर्ष फायरिंग करते हुए गोली चलाने लगे। इसमें से एक गोली राकेश की बांह में लग गई। वही, गोली चलाने वाले की जमकर पिटाई कर दी थी।