Bakhri Degree College : बेगूसराय डीएम श्रीकांत शास्त्री ने बुधवार को बखरी अनुमंडल अंतर्गत विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करना था।
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने बखरी स्थित निर्माणाधीन अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय के प्रशासनिक-सह-शैक्षणिक भवन का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की गति एवं गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यदायी एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया।
इसके पश्चात डीएम ने निर्माणाधीन डिग्री कॉलेज, बखरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक एवं आधारभूत संरचनाओं की स्थिति की जानकारी ली तथा छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में निर्माणाधीन अनुमंडल अस्पताल, बखरी का भी अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अस्पताल भवन से संबंधित कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त बेगूसराय, अपर समाहर्ता बेगूसराय, सिविल सर्जन बेगूसराय, अनुमंडल पदाधिकारी बखरी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

