Begusarai News : बेगूसराय नगर निगम की कार्यशैली और कथित गुंडा टैक्स के खिलाफ ई-रिक्शा चालकों ने मोर्चा खोल दिया है। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सैकड़ों चालकों ने बिहार सरकार और नगर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया।
प्रशासन पर मनमानी और अवैध वसूली का आरोप
प्रदर्शनकारी चालकों का मुख्य आरोप है कि नगर निगम बैरियर के नाम पर उनसे अवैध वसूली कर रहा है। चालकों ने कहा कि नगर निगम के अधिकारी और कर्मी उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान करते हैं।
“नगर निगम पार्किंग के नाम पर हमसे ₹1300 वसूलता है, लेकिन पूरे शहर में कहीं भी ई-रिक्शा खड़ा करने की जगह नहीं है। यह सरासर लूट है।”- एक पीड़ित चालक
प्रमुख माँगें : लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन में रियायत
आंदोलनकारियों ने केंद्र और बिहार सरकार के समक्ष अपनी माँगें रखते हुए कहा कि जितने भी पुराने ई-रिक्शा हैं, उनका आधार कार्ड की प्रति के आधार पर तत्काल रजिस्ट्रेशन किया जाए। इसके साथ ही गरीब चालकों के लिए न्यूनतम शुल्क पर ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की विशेष व्यवस्था हो। हर प्रखंड और प्रमुख चौक-चौराहों पर ई-रिक्शा के लिए स्टैंड और पार्किंग जोन निर्धारित किए जाएं।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
ई-रिक्शा चालकों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि उनकी माँगें जल्द पूरी नहीं की गईं और अवैध वसूली बंद नहीं हुई, तो वे आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन करेंगे। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भविष्य में होने वाली किसी भी अप्रिय स्थिति या चक्का जाम की जिम्मेदारी जिला प्रशासन और बिहार सरकार की होगी।

