Begusarai News : बिहार के विभिन्न न्यायालयों को लगातार बम विस्फोट की धमकियां मिलने पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता सह अधिवक्ता अमरेन्द्र कुमार अमर ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बेगूसराय सहित बिहार के कई न्यायालयों को सुनियोजित तरीके से बम से उड़ाने की धमकी देना न्यायपालिका पर सीधा और सुनियोजित हमला है।
अमर ने कहा कि यह भी पुलिस की बड़ी विफलता है कि पिछले कई मामलों के बावजूद अब तक अनुसंधान के माध्यम से अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। आधुनिक तकनीकी दौर में भी ऐसे मामलों का खुलासा नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने एक पुराने मामले का जिक्र करते हुए बताया कि 27 सितंबर 2024 को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी। उनके अनुसार पाकिस्तान के एक नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आया था, जिसमें कॉल करने वाले ने कहा था, “तुम दोनों का बहुत बुरा हश्र होगा, अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो।”
अमरेंद्र कुमार अमर ने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने बेगूसराय नगर थाना में आवेदन दिया था और केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की मांग भी की थी। हालांकि, उनके अनुसार नगर थाना में दर्ज मामले में अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका को बार-बार धमकी देना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है। ऐसे मामलों में जल्द कार्रवाई कर अपराधियों को चिन्हित करना बेहद जरूरी है।
गौरतलब है कि अमरेन्द्र कुमार अमर वर्ष 2019 से 2024 के लोकसभा चुनाव तक केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के सांसद प्रतिनिधि भी रह चुके हैं। वर्तमान में वे पटना उच्च न्यायालय में भारत सरकार के सीनियर स्टैंडिंग काउंसिल के रूप में कार्यरत हैं।


