Begusarai News : आगामी ईद-उल-फितर (ईद) 2026 पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री एवं पुलिस अधीक्षक मनीष के संयुक्त आदेश के तहत जिले के सभी संवेदनशील स्थलों, ईदगाहों और मस्जिदों पर दंडाधिकारियों के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
चाँद के दीदार के आधार पर संभावित तिथियों 20 एवं 21 मार्च को होने वाली नमाज के मद्देनजर गांधी स्टेडियम सहित सभी प्रमुख नमाज स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी प्रकार से साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील क्षेत्रों विशेषकर कब्रिस्तान, मंदिर-मस्जिद के आसपास में सीसीटीवी एवं वीडियोग्राफी के जरिए निगरानी रखी जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ त्वरित प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश आईटी सेल को दिया गया है।
पर्व के दौरान नागरिक सुविधाओं को लेकर भी प्रशासन सक्रिय है। नगर निगम और स्थानीय निकायों को ईदगाहों व मस्जिदों के आसपास सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव तथा पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और जर्जर तारों की मरम्मत का आदेश दिया गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन दल, एम्बुलेंस और चिकित्सा टीम को अलर्ट पर रखा गया है।
प्रशासन ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को शांति समिति की बैठक आयोजित कर समाज के प्रबुद्ध लोगों से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया है। पर्व के दौरान डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06243-222835 है।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या नियंत्रण कक्ष को दें।


