Begusarai News : बेगूसराय के छौड़ाही थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक बंद घर से युवक की सड़ी-गली लाश बरामद की गई। यह दिल दहला देने वाली घटना शाहपुर चौक के पास की है, जहां मृतक की पहचान 40 वर्षीय राजीव भास्कर के रूप में हुई है। राजीव शाहपुर गांव के वार्ड संख्या-5 के निवासी सुरेश महतो का पुत्र था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, चौक के पास स्थित राजीव का घर कई दिनों से बंद पड़ा था। घर से दुर्गंध उठने पर आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल छौड़ाही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जब मुख्य दरवाजे को अंदर से बंद पाया गया तो पिछले रास्ते से घर में दाखिल हुई।
जैसे ही पुलिस घर के भीतर दाखिल हुई, बिस्तर पर मच्छरदानी के अंदर सड़ी-गली हालत में पड़ा शव देखकर सन्न रह गई। शव में कीड़े लग चुके थे। कमरे से सल्फॉस की दो डिब्बियां भी बरामद की गईं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि राजीव ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या की है। पुलिस का मानना है कि यह आत्महत्या दो से तीन दिन पहले हुई होगी।
घटना की जानकारी जब मृतक की पत्नी रेणु देवी को दी गई तो उसने पहले आने से इनकार कर दिया। लेकिन बाद में सामाजिक दबाव और पुलिस के आग्रह पर वह अपने भाइयों के साथ ससुराल पहुंची। शव देखकर फूट-फूटकर रो पड़ी और बताया कि निःसंतानता को लेकर पति उससे अक्सर झगड़ा करता था और गाली-गलौज कर घर से निकाल दिया था।
गांव वालों ने भी पति-पत्नी के बीच लंबे समय से तनाव की पुष्टि की है। निःसंतानता को लेकर दोनों में कई बार पंचायतें भी हो चुकी थीं, लेकिन विवाद थमता नहीं था। बताया जा रहा है कि राजीव जब भी परदेस से लौटता, पत्नी मायके चली जाती थी और उसके जाने के बाद ही ससुराल लौटती थी। यह भी चर्चा है कि निःसंतानता के चलते परिवार ने राजीव के लिए दूसरी शादी की कोशिश भी की थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।