Begusarai News : बेगूसराय DM श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में आज (शुक्रवार) को कार्यालय प्रकोष्ठ में नियमित रूप से आयोजित होने वाले जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने एक-एक कर उपस्थित फरियादियों से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
जनता दरबार के दौरान कुल 35 नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें भूमि विवाद, विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जमीन से संबंधित मामले, म्यूटेशन, आधार कार्ड सहित अन्य जनहित से जुड़े विषय शामिल थे।
प्राप्त सभी आवेदनों और शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा मामलों का शीघ्र और समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़ी शिकायतों का समाधान पारदर्शिता के साथ तय समय सीमा के भीतर किया जाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने जनता दरबार को प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद का एक सशक्त और प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि इससे नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों की सतत निगरानी करते हुए समाधान की जानकारी समय पर फरियादियों तक पहुंचाई जाए।

