Begusarai News : बेगूसराय में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। DM श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में मंगलवार को कारगिल विजय सभा भवन में जिला सड़क सुरक्षा समिति की अहम बैठक हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, यातायात नियमों के कड़े अनुपालन और बुनियादी ढांचे में सुधार को लेकर कई निर्देश जारी किए गए।
जनवरी में 1.63 करोड़ रुपये का जुर्माना
समीक्षा बैठक में बताया गया कि जनवरी 2026 के दौरान नियम उल्लंघन पर कुल 1.63 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया।
- परिवहन विभाग द्वारा 1,07,75,105 रुपये
- पुलिस प्रशासन द्वारा 55,74,000 रुपये की वसूली की गई
इस दौरान हेलमेट नहीं पहनने पर 309 और प्रदूषण मानकों के उल्लंघन पर 188 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
36 ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा इंतजाम
जिले में चिन्हित 36 ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए डीएम ने NHAI सहित संबंधित एजेंसियों को स्पीड ब्रेकर, रम्बल स्ट्रिप, चेतावनी बोर्ड और स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए। वहीं, ‘हिट एंड रन’ के 720 मामलों में से 377 का भुगतान पूरा हो चुका है। शेष लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का आदेश दिया गया।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा फैसला
बैठक में बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बताया गया कि 1 अप्रैल 2026 से स्कूली बच्चों के परिवहन के लिए ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। साथ ही, सभी स्कूल बसों में CCTV और GPS अनिवार्य किया गया है। अब तक 36 स्कूल बसों की गहन जांच की जा चुकी है।


