लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान पहुंचे छौड़ाही

छौड़ाही (बेगूसराय) : लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान रविवार संध्या छौड़ाही प्रखंड के पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष कैलाश पासवान के घर पहुंच उन्हें सांत्वना दी। मालूम हो कि प्रखंड अध्यक्ष केवल 19 वर्षीय भतीजे नितेश कुमार पासवान की हत्या कर अपराधियों ने फंदे पर लटका दिया था। राष्ट्रीय अध्यक्ष को सांत्वना देते देख प्रखंड अध्यक्ष कैलाश पासवान एवं उनके स्वजन भावुक हो गए। प्रखंड अध्यक्ष का कहना था कि 20 दिन पहले उनके भतीजे नितेश कुमार पासवान की पहले हत्या की गई।

फिर गांव के ही बंद पड़े चिमनी के कमरे में शव को फंदे पर लटका दिया गया था। घटना के बाद गांव के ही चार लोगों को नामजद किया गया था। परंतु, अभी तक छौड़ाही पुलिस एक भी आरोपित को पकड़ नहीं पाई है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को बताया कि छौड़ाही ओपी अध्यक्ष आरोपितों को बचाने में लगे हैं। एसपी साहब तक को इस संदर्भ में आवेदन दिया गया ।ना आरोपित गिरफ्तार हुए नाही ओपी अध्यक्ष पर कार्रवाई हुई है।

लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने प्रखंड अध्यक्ष के बातों को गौर से सुना एवं जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग बेगूसराय एसपी से की। उन्होंने युवक की निर्मम तरीके से हत्या करने की निंदा की। प्रखंड अध्यक्ष को सांत्वना देते हुए इस मामले को अपने स्तर से देखने की भी बात कही। इस दौरान पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रेम कुमार पासवान, पुर्व विधायक रामविनोद पासवान, जिला पार्षद प्रेमलता देवी आदि मौजूद रहे