Thursday, July 25, 2024
India

Firozabad : अब बदल जाएगा ‘फिरोजाबाद’ का नाम, जानें- अब किस नाम से जाना जाएगा…

New Name of Firozabad : उत्तर प्रदेश के कई जिलों का नाम भारतीय संस्कृति के आधार पर बदला गया। इसी कड़ी में एक और बड़े जिले फिरोजाबाद का नाम बदलने की तैयारी जोरों पर है। इसके लिए जिले के नगर निगम ने प्रस्ताव पास कर दिया है, जिसे अब मंजूरी के लिए यूपी सरकार के पास भेजा जाएगा।

इसका नया नाम चंद्रनगर होगा। फिरोजाबाद नगर निगम की मेयर कामिनी राठौड़ ने कहा, प्राचीन काल में फिरोजाबाद को चंद्रावर के नाम से जाना जाता था। जिसे अकबर ने बदल दिया था। अब हम अपने जिले का पुराना गौरवशाली नाम वापस पाने का प्रयास कर रहे हैं।’

प्राचीन नाम है चन्द्रावर

आपको बता दें कि दिल्ली से करीब 250 किमी दूर स्थित फिरोजाबाद चूड़ी निर्माण उद्योग के लिए मशहूर है। इस जिले में शिकोहाबाद, टूंडला और सिरसागंज जैसे बड़े कस्बे आते हैं। यहां के अधिकांश लोग कांच से संबंधित व्यवसाय से जुड़े हुए हैं।

इतिहासकारों के अनुसार इस जनपद का प्राचीन नाम चन्द्रावर था। यह नाम राजा चंद्रसेन के नाम से लिया गया था, जो उस समय शासक थे। 1194 ई. में राजा चन्द्रसेन और मुहम्मद गोरी के बीच बड़ा युद्ध हुआ, जिसमें राजा चन्द्रसेन को हार का सामना करना पड़ा। आज भी फिरोजाबाद में यमुना नदी के तट पर चन्द्रवार नगर स्थित है, जो रख-रखाव के अभाव में खंडहर अवस्था में पहुँच गया है।

फ़िरोज़ाबाद का नाम कैसे पड़ा?

चंद्रावर जिले का नाम मुगल सम्राट अकबर के शासनकाल के दौरान बदल दिया गया था। उस दौरान अकबर ने अपने मनसबदार फिरोज शाह को चंद्रावर पर कब्ज़ा करने के लिए भेजा था। फ़िरोज़ शाह ने अपने मुग़ल सैनिकों के साथ मिलकर चंद्रावर में भारी नरसंहार किया।

इतिहासकारों का कहना है कि उस दौरान सैकड़ों हिंदुओं की हत्या कर दी गई थी और उनके परिवारों को धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया गया था। इसके साथ ही जिले में मौजूद मंदिरों को भी तोड़ दिया गया। फिरोजशाह के इस अभियान से प्रसन्न होकर अकबर ने चन्द्रावर का नाम बदलकर फिरोजाबाद रख दिया।

पहले भी बदले गए हैं नाम

आपको बता दें कि यूपी की योगी सरकार इससे पहले इलाहाबाद जिले का नाम बदलकर प्रयागराज और मुगलसराय का नाम बदलकर दीनदयाल उपाध्याय नगर कर चुकी है। हाल ही में अलीगढ़ से भी खबर आई थी कि वहां के नगर निगम ने जिले का नाम बदलकर हरिगढ़ करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा है।

Nitesh Kumar Jha

नितेश कुमार झा पिछले 2.5 साल से thebegusarai.in से बतौर Editor के रूप में जुड़े हैं। इन्हें भारतीय राजनीति समेत एंटरटेनमेंट और बिजनेस से जुड़ी खबरों को लिखने में काफी दिलचस्पी है। इससे पहले वह असम से प्रकाशित अखबार दैनिक पूर्वोदय समेत कई मीडिया संस्थानों में काम किया। उनके लेख प्रभात खबर, दैनिक पूर्वोदय, पूर्वांचल प्रहरी और जनसत्ता जैसे अखबारों में भी प्रकाशित हो चुके हैं। अभी नीतेश दिल्ली स्थित जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से MA मास मीडिया कर रहे हैं।