मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना में हुई देरी को संसद में केंद्र सरकार ने किया स्वीकार

डेस्क : रेल मंत्रालय ने देश भर में सात हाई स्पीड रेल कॉरिडोर-दिल्ली – वाराणसी, दिल्ली – अहमदाबाद, मुम्बई – नागपुर, चेन्नई – बेंगलुरु- मैसूर, मुम्बई – हैदराबाद, दिल्ली – अमृतसर और वाराणसी और हावड़ा के लिए सर्वेक्षण एवम् विस्तृत परियोजना रिर्पोट तैयार करने का फ़ैसला लिया है।

राज्यसभा में शुक्रवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक सवाल के लिखित जवाब में जानकारी दी कि गुजरात में 954.28 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण मुम्बई – अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना के लिए किया गया है। साथ ही बताया कि देश में बुलेट ट्रेन प्रॉजेक्ट पर चल रहे काम पर अपडेट है।

शुक्रवार को केंद्र सरकार ने स्वीकार किया कि मुंबई – अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना को अमल में लाने में थोड़ी देरी हो गई है। खासकर महाराष्ट्र में जमीन अधिग्रहण में देरी और ठेकों को आखिरी रूप देने समेत कई कारणों से काम में देरी हुई है। रेल मंत्री ने कहा कि विशेष कर महाराष्ट्र में भूमि अधिग्रहण में देरी,ठेकों को आखिरी रूप देने में देरी एवं कोविड-19 के प्रतिकूल प्रभाव के चलते मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना को अमल में लाने में देरी हुई।

उन्होंने कहा कि अभी तक गुजरात में मुम्बई – अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना 954.28 हेक्टेयर में 941.13 हेक्टेयर (98.62 प्रतिशत) भूमि अधिग्रहण कर लिया गया है। वहीं दादर एवम् नगर हवेली में 7.90 हेक्टेयर (100 प्रतिशत) भूमि का अधिग्रहण किया गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र में 433.82 हेक्टेयर में 247.01 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा सका है जो 56.39 प्रतिशत है।

मालूम हो कि मुंबई अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर 320 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बुलेट ट्रेन से 508 किलोमीटर और 12 स्टेशनों की दूरी तय की जाएगी। पीक आवर में 20 मिनट और नॉन पीक आवर में 30 मिनट की फ्रीक्वेंसी के साथ एक दिशा में प्रतिदिन 35 ट्रेनें चलेंगी। सूरत और वड़ोदरा में लिमिटेड स्टॉप के साथ इस दूरी को एक घंटे और 58 मिनट में ट्रेन तय करेगी। बाकी के स्टॉप के साथ 2 घंटे 57 मिनट लगेंगे।

आपको बता दें कि साबरमती में मुंबई – अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरीडोर का ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर होगा। रेल मंत्री के मुताबिक, देश में बुलेट ट्रेनों के लिए सात रूट तय हैं। जिनमें मुंबई – अहमदाबाद के साथ ही दिल्ली – नोएडा – आगरा- लखनऊ- वाराणसी (865 किमी) और दिल्ली- जयपुर – उदयपुर – अहमदाबाद (886 किमी ), मुम्बई – पुणे – हैदराबाद (711 किमी), मुम्बई – नासिक – नागपुर ( 753 किमी), दिल्ली – चंडीगढ़ – लुधियाना – जालंधर – अमृतसर (459 किमी) और चेन्नई – बेंगलुरू – मैसूर (435) शामिल हैं।