Shravani Mela 2023 : बिहार से देवघर के लिए चलेगी कई सरकारी बसें, जानें- रूट और किराया…

Shravani Mela 2023 : हर साल श्रावणी मेले में देवघर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होती है। इसे देखते हुए सड़क परिवहन निगम ने पूरी तैयारी कर ली है। 4 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेला के लिए परिवहन निगम भागलपुर और सुल्तानगंज से देवघर के लिए 5 बसें चलाएगा।

इन बसों का परिचालन श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। ये बसें 24 घंटे चलाई जाएंगी। इसके लिए कोई टाइम टेबल तय नहीं किया गया है। पहली बस सुबह 6:00 बजे से खुलेगी।

परिवहन निगम ने श्रद्धालुओं के लिए बस का किराया भी काफी कम रखा है। किराये की बात करें तो भागलपुर से देवघर का किराया 186 रुपये तय किया गया है, जबकि सुल्तानगंज से देवघर का किराया 157 रुपये तय किया गया है। यह बस भागलपुर से सुल्तानगंज, असरगंज, तारापुर संग्रामपुर, कोटारिया, चानन होते हुए देवघर पहुंचेगी।

भागलपुर पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन कुमार शांडिल्य ने बताया कि श्रावणी मेला के लिए पथ परिवहन निगम की ओर से भागलपुर और सुल्तानगंज से देवघर तक बसें चलायी जायेंगी। निगम की ओर से तैयारी पूरी कर ली गयी है। इसके लिए रूट और किराया भी निगम ने तय कर दिया है। पहली बस सुबह छह बजे भागलपुर से खुलेगी। इन बसों के संचालन से श्रद्धालुओं को काफी मदद मिलने वाली है।