Begusarai News : बेगूसराय बस स्टैंड के समीप रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक शातिर चोर ने पकड़े जाने के डर से चोरी की गई सोने की बाली निगल ली। आरोपी की यह चालाकी उस पर तब भारी पड़ गई जब बाली पेट में जाने के बजाय उसके गले (श्वसन नली के पास) में ही फंस गई। पुलिस ने आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां एक्स-रे रिपोर्ट में गले के भीतर फंसी बाली स्पष्ट दिखाई दे रही है।
भीड़ ने घेरा तो चल दी खतरनाक चाल
मिली जानकारी के अनुसार, शांति देवी नाम की महिला बस स्टैंड पर टेंपो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान बाघा वार्ड-24 निवासी अनिल सोनी ने उनके कान से सोने की बाली झपट ली और भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने खदेड़कर उसे दबोच लिया। भीड़ के हत्थे चढ़ते ही आरोपी की पिटाई शुरू हो गई। खुद को घिरता देख और पुलिस के पास ठोस सबूत न पहुंचे, इस मंशा से अनिल ने आनन-फानन में बाली निगल ली।
अस्पताल में हाई वोल्टेज ड्रामा
बाली गले में फंसते ही आरोपी को सांस लेने में तकलीफ होने लगी और वह तड़पने लगा। मौके पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने उसे तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जब आरोपी का एक्स-रे कराया, तो गले के हिस्से में धातु की बाली अटकी मिली।
मरीज की स्थिति फिलहाल स्थिर है, लेकिन गले में धातु की वस्तु फंसना बेहद संवेदनशील मामला है। मेडिकल टीम सुरक्षित तरीके से इसे बाहर निकालने की प्रक्रिया में जुटी है।- ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक, सदर अस्पताल
नगर थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान लोहिया नगर थाना क्षेत्र के बाघा निवासी अनिल सोनी के रूप में हुई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या अनिल किसी पेशेवर गिरोह का हिस्सा है। फिलहाल आरोपी पुलिस की निगरानी में अस्पताल में उपचाराधीन है।


