Begusarai News : बेगूसराय पुलिस ने खोदावंदपुर थाना क्षेत्र में हुई नर्सिंग छात्र की हत्या के मामले का महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य अपराधियों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग लड़की को भी निरुद्ध किया गया है ।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 1 फरवरी को नुरूल्लाहपुर के पास अज्ञात अपराधियों ने प्रियांशु राज उर्फ बादल (20 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के बारा निवासी योगेंद्र पासवान का पुत्र था। घटना के बाद मृतक के भाई प्रवीण कुमार उर्फ साजन कुमार के आवेदन पर खोदावंदपुर थाना कांड संख्या-09/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
विशेष टीम ने की छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मंझौल के नेतृत्व में खोदावंदपुर पुलिस और जिला आसूचना इकाई (DIU) की एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर टीम ने ग्राम बारा में छापेमारी कर तीन अभियुक्तों को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान:
- गोलू पटेल, पिता- अशोक महतो, बारा
- प्रिंस कुमार, पिता- कैलाश चौधरी, बारा
- राजा कुमार, पिता- सुरेश चौधरी, बारा
प्रेम-प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस की कड़ी पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पूछताछ में यह बात सामने आई कि हत्या की मुख्य वजह प्रेम-प्रसंग का मामला था। अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों में छिपाकर रखे गए हथियार और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है ।

