Begusarai News : कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में मकर संक्रांति महोत्सव–2026 का भव्य आयोजन गंगा नदी के पावन तट स्थित सिमरिया धाम में हर्षोल्लास के साथ किया गया। महोत्सव का शुभारंभ DM श्रीकांत शास्त्री ने दीप प्रज्वलन कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत बिहार गान से हुई। इसके उपरांत जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी एवं उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा बिट्टू कुमार सिंह द्वारा सभी आगत अतिथियों का हरित पौधा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत मिथिलांचल संगीत महाविद्यालय के कलाकारों ने मधुर लोकगीतों की प्रस्तुति दी, वहीं साक्षी नृत्य समूह ने बिहार के पारंपरिक लोकनृत्यों की भव्य प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकगीत और लोकनृत्य के इस सुंदर संगम को उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने मुक्तकंठ से सराहा।
महोत्सव के विशेष आकर्षण के रूप में पतंग उत्सव, गिल्ली-डंडा, रस्साकशी, रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता के साथ-साथ पारंपरिक दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी कलाकारों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मकर संक्रांति महोत्सव–2026 ने जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को सजीव रूप में प्रस्तुत करते हुए सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

