Begusarai News : बेगूसराय में एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे हैं। जहां जिले के गढ़पूरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमारसो गांव में पुलिस के पीछा करने के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान ललित कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और परिजन पुलिस पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, बीती शाम दो युवक बाइक से जा रहे थे। शराब तस्करी के संदेह में पुलिस ने उनका पीछा किया। इसी दौरान दोनों युवक बाइक छोड़कर कच्चे रास्ते से भागने लगे। पुलिस का दावा है कि भागने के क्रम में ललित कुमार को चोट लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बाइक की तलाशी में दो कार्टन विदेशी शराब बरामद होने की बात कही है।
“पुलिस ने नियमों के तहत कार्रवाई की और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उनके अनुसार, मौत कैसे हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।”- बखरी डीएसपी, कुंदन कुमार
वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस के दावों को सिरे से खारिज किया है। उनका आरोप है कि ललित कुमार की पुलिस ने साजिश के तहत हत्या की है और मामले को दबाने के लिए उसे शराब तस्करी से जोड़ा जा रहा है। परिजनों का कहना है कि ललित कुमार पांच भाई-बहनों में अकेला भाई था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसका शराब के धंधे से कोई लेना-देना नहीं रहा है।
घटना के बाद लोगों में भारी रोष देखा जा रहा है। परिजनों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल, पोस्टमार्टम कराया गया है। अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत चोट से हुई या इसके पीछे कोई और वजह है।


