Begusarai News : बिहार में इन दिनों एलपीजी (LPG) की कमी की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। बेगूसराय में भी गैस की आपूर्ति को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। एक ओर जहां जिला प्रशासन आम लोगों को किसी तरह की परेशानी से इनकार कर रहा है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोग और होटल-रेस्टोरेंट संचालक गैस की कमी और कालाबाजारी की शिकायत कर रहे हैं
स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर की बुकिंग करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं का आरोप है कि अगर बुकिंग हो भी जाती है तो उसके बाद कन्फर्मेशन का मैसेज नहीं आता, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पाता कि बुकिंग सफल हुई है या नहीं।
जानकारी के अनुसार, जिले के कई हिस्सों में गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इसका असर आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी पड़ रहा है। शहर के कई छोटे होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने गैस की आपूर्ति बाधित होने के कारण अस्थायी तौर पर अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए हैं।
शहर के एक बड़े प्रतिष्ठान होटल के रसोइया ने बताया कि गैस की कमी से कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूरी में बिजली के सहारे खाना बनाना पड़ रहा है, लेकिन बार-बार बिजली कटने से काफी परेशानी होती है। इसके कारण ग्राहकों को समय पर भोजन उपलब्ध कराना मुश्किल हो जाता है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
होटल-रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि अगर यही स्थिति बनी रही तो बाकी बचे प्रतिष्ठानों को भी बंद करना पड़ सकता है। उनका आरोप है कि बाजार में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी भी हो रही है, जिससे समस्या और बढ़ गई है। वहीं, जिला प्रशासन का कहना है कि गैस की आपूर्ति को लेकर स्थिति सामान्य है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। प्रशासन के मुताबिक जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और जरूरत के अनुसार आपूर्ति की जा रही है।
हालांकि प्रशासन के दावों के बावजूद जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं और होटल-रेस्टोरेंट संचालकों की परेशानी साफ दिखाई दे रही है। अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में गैस आपूर्ति की स्थिति में सुधार होता है या नहीं।


