Indian Railway : सीमांचल, खगड़िया और बेगूसराय के यात्रियों को राजधानी पटना तक पहुँचाने वाली सबसे भरोसेमंद कोसी एक्सप्रेस अब पटना जंक्शन नहीं जाएगी। पूर्णिया कोर्ट से हटिया (रांची) जाने वाली 18625/18626 कोसी एक्सप्रेस अगले डेढ़ महीने तक अपने निर्धारित मार्ग पटना रूट होकर नहीं चलेगी। रेलवे द्वारा किए गए तकनीकी बदलावों के कारण यह ट्रेन 5 फरवरी से 21 मार्च तक नए रूट से परिचालित की जाएगी।
कोसी एक्सप्रेस अब फतुहा, पटना साहिब, पटना, जहानाबाद और गयाजी रूट होकर नहीं जाएगी। यह ट्रेन अगले 45 दिनों तक बख्तियारपुर स्टेशन से सीधे राजगीर, तिलैया और कोडरमा होकर हटिया जाएगी। वापसी में भी ट्रेन इसी मार्ग से आएगी। ऐसे में पटना जाने वाले यात्रियों को अब अन्य वैकल्पिक ट्रेनों या सड़क मार्ग का सहारा लेना होगा।
कोसी एक्सप्रेस के रूट में बदलाव से खगड़िया और बेगूसराय के दैनिक यात्रियों में भारी रोष है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दैनिक यात्री संघ ने रेलवे से विशेष मांग की है। संघ का कहना है कि जब तक कोसी एक्सप्रेस का रूट परिवर्तित है, तब तक 63217 बरौनी-दानापुर मेमू ट्रेन को बेगूसराय से चलाया जाए ताकि आम यात्रियों को राजधानी पहुंचने में सहूलियत हो सके।

