Begusarai Crime News : बेगूसराय पुलिस ने तियाय ओ.पी. क्षेत्र के रघुनंदनपुर में हुई एक महिला की हत्या की गुत्थी को महज 24 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर जिले के रामपुर हरी निवासी बसंत कुमार ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर बताया कि उनकी बहन, सुमन कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सुमन अपने पति चंदन कुमार चौधरी के साथ रघुनंदनपुर (भगवानपुर) में रहती थी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने भगवानपुर (तियाय) थाना कांड सं.-24/26 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।
नशे की लत बनी हत्या का कारण
पुलिस की पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी पति, चंदन कुमार चौधरी, गांजा और स्मैक जैसे नशीले पदार्थों का सेवन करता था। नशे के कारण वह अपने पारिवारिक दायित्वों को निभाने में असमर्थ था, जिससे घर में अक्सर झगड़े और मारपीट होती थी। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि चंदन अक्सर सुमन को जान से मारने की धमकी दिया करता था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
SP मनीष के निर्देश पर SDPO तेघड़ा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चंदन कुमार चौधरी (38 वर्ष) को ग्राम रघुनंदनपुर से गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

