Begusarai News : रेलवे प्रशासन द्वारा शुक्रवार को बेगूसराय स्टेशन के पास अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह अभियान स्टेशन के समीप स्थित एलसी गेट संख्या-47 और 48 के पास रेल क्षेत्र में चलाया गया, जहां लंबे समय से अनाधिकृत रूप से दुकानें और झोपड़ियां बनी हुई थीं।
आज सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस अभियान के दौरान लगभग 266 अवैध झोपड़ियों और दुकानों को हटाया गया। अभियान का नेतृत्व आईओडब्ल्यू खगड़िया राज किशोर सिंह ने किया। वहीं, सदर अनुमंडल से नियुक्त दंडाधिकारी अजीत कुमार गोंड की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई संपन्न हुई।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को सफल बनाने के लिए आरपीएफ बेगूसराय की ओर से 13 अधिकारी और जवान तथा जीआरपी बेगूसराय की ओर से 2 अधिकारी और जवान तैनात रहे। अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई और पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
आरपीएफ बेगूसराय के निरीक्षक सह पोस्ट कमांडर अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।


