Begusarai News : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो चुकी है। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का अचानक बिहार दौरा तय हुआ है। शाह आज शाम 7 बजे विशेष विमान से पटना पहुंचेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम होगा। लेकिन इस दौरे का सबसे अहम पड़ाव बेगूसराय है।
गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार (18 सितंबर) को दो बड़ी बैठकों में शामिल होंगे। सुबह 10 बजे सासाराम में मगध और शाहाबाद क्षेत्र के 10 जिलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे उनका काफिला सीधे बेगूसराय पहुंचेगा। बेगूसराय के रिफाइनरी टाउनशिप खेल मैदान में होने वाली इस बैठक में 10 जिलों के नेता-कार्यकर्ता जुटेंगे।
इसमें पटना ग्रामीण, पटना महानगर, बाढ़, नालंदा, शेखपुरा, मुंगेर, जमुई, लखीसराय, खगड़िया और बेगूसराय शामिल हैं। बैठक में सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। PM मोदी के 15 सितंबर को पूर्णिया दौरे के महज दो दिन बाद ही गृहमंत्री शाह का बिहार आना कई राजनीतिक संकेत दे रहा है। खासकर, बेगूसराय की बैठक को बीजेपी बेहद रणनीतिक मान रही है।