Begusarai Sadar Hospital : बेगूसराय सदर अस्पताल से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था और संवेदनशीलता को झकझोर कर रख दिया है। पोस्टमार्टम रूम से एक आवारा कुत्ता इंसानी लाश का पैर अपने मुंह में दबाकर भागता नजर आया। इस विचलित करने वाली घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने खदेड़कर छुड़ाया शव का हिस्सा
घटना के वक्त अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने जब कुत्ते को शव का अंग ले जाते देखा, तो सन्न रह गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दौड़कर कुत्ते का पीछा किया और मशक्कत के बाद उसके मुंह से शव के हिस्से को छुड़ाया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि पोस्टमार्टम रूम जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की चूक बहुत बड़ी लापरवाही है।
भगवान भरोसे सुरक्षा व्यवस्था
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था लंबे समय से बदहाल है। पोस्टमार्टम हाउस जहाँ अक्सर लावारिस और अन्य शव रखे जाते हैं, वहां न तो कोई पुख्ता दरवाजा है और न ही गार्ड की तैनाती। वायरल वीडियो ने यह साबित कर दिया है कि अस्पताल के भीतर आवारा पशुओं का जमावड़ा शवों की गरिमा के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है।
सिविल सर्जन बोले- होगी जांच
इस शर्मनाक घटना पर जब बेगूसराय के सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार से जवाब मांगा गया, तो उन्होंने रटा-रटाया जवाब देते हुए कहा कि मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरी घटना की जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी। हालांकि, सबसे बड़ी चिंता यह है कि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह अंग किस शव का था और कुत्ता वहां तक कैसे पहुंचा।
अस्पताल में जीवित लोगों का इलाज तो राम भरोसे है ही, अब मृतकों की गरिमा भी सुरक्षित नहीं है। पोस्टमार्टम रूम खुला छोड़ देना प्रबंधन की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है।- स्थानीय नागरिक


