Begusarai News : PM मोदी के जन्मोत्सव पखवाड़ा के अवसर पर शुक्रवार को बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र के पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं ने रजौड़ा स्थित स्तुति विवाह भवन सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर 5 किलो का केक काटकर कार्यकर्ताओं ने जन्मोत्सव मनाया और कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम भी किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के पूर्व ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अविनाश कुमार ने की, जबकि संचालन पूर्व जिला उपाध्यक्ष वीरेन्द्र मिश्र ने किया। इस दौरान पूर्व राष्ट्रीय मंत्री रजनीश कुमार ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं। उन्हें उत्साहित और सम्मानित किए बिना कोई भी लड़ाई नहीं जीती जा सकती।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अमरेन्द्र कुमार अमर ने कहा कि बेगूसराय में भाजपा ने 90 के दशक में संघर्ष, शहादत और सरोकार के बल पर भाकपा और कांग्रेस जैसी बड़ी ताकतों के बीच अपनी जगह बनाई थी। उस दौर के कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन और अनुभव संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि सत्ता के दौर में यदि कार्यकर्ता पीछे छूट गए तो यह संगठन के साथ अन्याय होगा।
वहीं, पूर्व जिला अध्यक्ष संजय सिंह और राजकिशोर सिंह ने भी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा पर चिंता जताई और कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं के बिना कोई भी संगठन पूर्ण नहीं हो सकता। बैठक में यह तय किया गया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मोत्सव से शुरू हुआ सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम अब विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक पंचायत में क्रमिक रूप से आयोजित किया जाएगा। इसके लिए पंचायत स्तर पर टीम का गठन भी किया गया है।