Begusarai News : बेगूसराय के प्रसिद्ध तीर्थस्थल सिमरिया धाम गंगा तट पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। यहां आने वाले विभिन्न प्रकार के वाहनों से वसूले जाने वाले बैरियर शुल्क को अब काफी हद तक कम कर दिया गया है। यह निर्णय राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी द्वारा हाल ही में बखरी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान लिया गया, जो 26 जून 2025 से प्रभावी हो गया है।
बताया गया है कि सिमरिया घाट पर हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठान के लिए पहुंचते हैं। लेकिन घाट तक पहुंचने के लिए लगने वाला बैरियर शुल्क अक्सर लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता था। विशेषकर स्थानीय यात्रियों और निम्न आय वर्ग के श्रद्धालुओं के लिए यह शुल्क बोझ बन गया था।
इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मंत्री संजय सरावगी ने विभागीय स्तर पर पहल करते हुए वाहनवार बैरियर शुल्क में कटौती की घोषणा की। उनके निर्देश के बाद 26 जून से नई दरें लागू कर दी गईं हैं, और सिमरिया घाट बैरियर पर रेट लिस्ट का नया बोर्ड भी लगा दिया गया है ताकि लोग आसानी से इसकी जानकारी ले सकें।
नई रेट लिस्ट इस प्रकार है:
=वाहन का प्रकार | पहले का शुल्क | संशोधित शुल्क |
---|---|---|
टेम्पो | ₹130 | ₹20 |
ई-रिक्शा | ₹50 | ₹20 |
बोलेरो/सुमो आदि | ₹200 | ₹50 |
बस/ट्रक/ट्रैक्टर | ₹250 | ₹200 |
इस निर्णय के बाद स्थानीय लोगों, तीर्थ यात्रियों, वाहन चालकों और पर्यटन से जुड़े व्यवसायियों ने सरकार का आभार जताया है। लोगों का कहना है कि यह निर्णय सामान्य जनता को आर्थिक राहत देने वाला है और इससे सिमरिया घाट पर श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि हो सकती है।