Gunfire erupts during a liquor party in Begusarai.

6 दिन पहले कोलकाता से बेगूसराय लौटा युवक शराब पार्टी में गोली लगने से घायल, पुलिस कर रही जांच

Miracare MULTISPECIALITY logo1b

Begusarai News : बेगूसराय से एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रजौरा-अख्तियारपुर गांव में मंगलवार की दोपहर शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

घायल युवक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सांख गांव निवासी जहू लाल शर्मा के 33 वर्षीय पुत्र विनय कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शराब पार्टी के दौरान आपसी कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद बदमाशों ने अपने ही सहयोगी विनय कुमार को गोली मार दी। गोली उसके सीने और बांह के बीच लगी है।

घटना के बाद शराब पार्टी में शामिल लोगों ने खून से लथपथ अवस्था में विनय को इलाज के लिए शहर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। हालांकि, अस्पताल पहुंचे परिजन मामले में कुछ भी बताने से बचते नजर आए। परिजनों के अनुसार विनय का पूरा परिवार कोलकाता में रहता है और वह 6 दिन पहले ही गांव आया था। उसे किसने और क्यों रजौरा बुलाया, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं है।

हैरानी की बात यह रही कि गोलीबारी की घटना की जानकारी करीब दो घंटे तक किसी को नहीं लगी। अख्तियारपुर और रजौरा गांव के लोगों को भी घटना की भनक नहीं लगी। घायल के सहयोगियों द्वारा मोबाइल फोन से सूचना दिए जाने के बाद धीरे-धीरे मामले की जानकारी फैली।

मुफस्सिल थाना अध्यक्ष दिवाकर कुमार ने बताया कि हरदिया दुर्गास्थान के पीछे अख्तियारपुर स्थित एक बांसबाड़ी में युवक को गोली मारी गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की है। उन्होंने कहा कि घायल के होश में आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि गोली किसने और क्यों मारी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घायल युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now