Begusarai News : राजस्थान के अलवर जिले के निमली में सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट (CSE) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित अनिल अग्रवाल डायलॉग 2026 में बेगूसराय के युवा पत्रकार प्रेम कुमार को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। यह चार दिवसीय कार्यक्रम 24 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें देशभर से 100 से अधिक चुनिंदा पत्रकार भाग लेंगे।
बेगूसराय के लाल का राष्ट्रीय मंच पर डंका
मंझौल निवासी प्रेम कुमार ने पत्रकारिता की पढ़ाई पटना विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित दरभंगा हाउस परिसर से की है। शिक्षा पूर्ण करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में सशक्त पहचान बनाई। वर्तमान में वे डीडी न्यूज़ और पीटीआई जैसी देश की अग्रणी और विश्वसनीय मीडिया संस्थाओं के लिए कार्यरत हैं। राजधानी से लेकर बिहार तक उनकी रिपोर्टिंग ने अपनी अलग छाप छोड़ी है। पर्यावरण और सामाजिक मुद्दों पर गहरी समझ व निरंतर मेहनत के बल पर उन्हें इस राष्ट्रीय संवाद में स्थान मिला है।
क्या है अनिल अग्रवाल डायलॉग
CSE भारत की अग्रणी पर्यावरण शोध एवं वकालत संस्था है। अनिल अग्रवाल डायलॉग, CSE के संस्थापक स्वर्गीय अनिल अग्रवाल की स्मृति में आयोजित किया जाता है। इस मंच पर पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, टिकाऊ विकास और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े अहम विषयों पर पत्रकारों, विशेषज्ञों और नीति-निर्माताओं के बीच गहन विमर्श होता है।
बेगूसराय के छोटे से कस्बे मंझौल से निकलकर राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित आयोजन में आमंत्रण मिलना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। प्रेम कुमार की सफलता से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्थानीय पत्रकारों, बुद्धिजीवियों और युवाओं ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि वे बेगूसराय का गौरव बढ़ा रहे हैं। यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो छोटे शहरों और कस्बों से निकलकर राष्ट्रीय पटल पर अपनी पहचान बनाना चाहते हैं।


