Begusarai News : बेगूसराय के बरौनी प्रखंड अंतर्गत इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर में स्थित वरुण बेवरेजेज लिमिटेड (पेप्सी प्लांट) एवं प्रिंस पाइप एंड फिटिंग्स लिमिटेड का आज DM श्रीकांत शास्त्री द्वारा निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान DM ने दोनों औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन व्यवस्था, श्रमिकों की सुरक्षा, पर्यावरणीय प्रबंधन, स्वच्छता तथा कर्मचारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। इस क्रम में उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा मानकों एवं पर्यावरणीय नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण उपरांत DM ने दोनों औद्योगिक प्रतिष्ठानों के परिसरों में वृक्षारोपण किया। उन्होंने औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि हरित औद्योगिक वातावरण न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक होता है, बल्कि इससे कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कार्यक्षमता में भी सकारात्मक वृद्धि होती है। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया।

