Begusarai News : बेगूसराय में घरेलू रसोई गैस (LPG) की सुचारू आपूर्ति और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। डीएम श्रीकांत शास्त्री ने IOCL, BPCL और HPCL जैसी प्रमुख तेल विपणन कंपनियों के परिचालन की विस्तृत समीक्षा की। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर मिले और किसी भी स्तर पर कालाबाजारी न हो।
गैस वितरण का वर्तमान गणित
समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले के 67 वितरकों के माध्यम से गैस की आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान में जिले में कुल 58,918 बुकिंग प्रक्रियाधीन (पेंडिंग) हैं।
- IOCL : 30,695 बुकिंग (सर्वाधिक)
- BPCL : 19,308 बुकिंग
- HPCL : 8,915 बुकिंग
4.5 दिन का है वेटिंग पीरियड (बैकलॉग)
आंकड़ों के अनुसार, 24 मार्च को जिले भर में 11,945 उपभोक्ताओं को सिलेंडर डिलीवर किए गए। वर्तमान में जिले का औसत बैकलॉग 4.5 दिन दर्ज किया गया है। इसमें IOCL का प्रदर्शन सबसे बेहतर (3.6 दिन) रहा, जबकि BPCL का बैकलॉग 5.0 दिन और HPCL का 4.9 दिन है। डीएम ने सभी कंपनियों को डिलीवरी की गति तेज करने के निर्देश दिए हैं ताकि बैकलॉग की अवधि कम से कम हो सके।
गड़बड़ी करने वालों को जेल की चेतावनी
जिला प्रशासन ने सख्त लहजे में कहा है कि एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी या घरेलू सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सभी अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) गैस एजेंसियों की सतत निगरानी कर रहे हैं। यदि कहीं भी अनियमितता पाई गई, तो संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 की ‘धारा 7’ के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।- श्रीकांत शास्त्री, डीएम
निगरानी के लिए विशेष टीमें गठित
आम लोगों को असुविधा से बचाने के लिए डीएम ने विशेष टीमें गठित की हैं जो लगातार गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर रही हैं। स्टॉक की उपलब्धता, दैनिक वितरण और बुकिंग की स्थिति की रिपोर्ट सीधे जिला मुख्यालय को भेजी जा रही है ताकि व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।


