Begusarai News : बेगूसराय में एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी व अवैध जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। हाल के दिनों में गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
DM श्रीकांत शास्त्री के निर्देश पर जिले में संचालित कुल 67 गैस एजेंसियों की व्यापक जांच कराई गई। इन एजेंसियों में एचपी, भारत गैस और इंडेन से जुड़ी इकाइयाँ शामिल हैं। जांच के लिए गठित टीमों में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) समेत कई अधिकारी शामिल थे।
अधिकारियों ने विभिन्न एजेंसियों का स्थल निरीक्षण कर स्टॉक पंजी, गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और होम डिलीवरी प्रणाली की गहन जांच की। साथ ही यह भी देखा गया कि कहीं कृत्रिम कमी पैदा कर कालाबाजारी या जमाखोरी तो नहीं की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे सरकार के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और उपभोक्ताओं को समय पर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस की अनावश्यक खरीद या भंडारण से बचें। अगर कहीं गैस आपूर्ति में समस्या या कालाबाजारी की शिकायत हो, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित प्रखंड या अनुमंडल प्रशासन को दें।
प्रशासन के अनुसार जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता पर्याप्त है और आपूर्ति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।


