Begusarai News : बेगूसराय में बड़ा हादसा हो गया। जहां एक सरकारी स्कूल में 440 वोल्ट का बिजली का तार गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 9 बच्चे बुरी तरह झुलस गए। घटना छौड़ाही थाना क्षेत्र अंतर्गत सावंत पंचायत स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय मोइन टोला सावंत का है।
कैसे हुआ हादसा?
घटना दोपहर में लंच का समय हुआ, तब बच्चे सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे। तभी खिड़की के पास लटक रहे बिजली के कटे हुए तार से बच्चों का शरीर छू गया। तार में तेज करंट था, जिससे बच्चे वहीं गिरकर तड़पने लगे। हादसे में कक्षा 3 के सुदर्शन और कक्षा 5 की छोटी कुमारी की हालत बहुत गंभीर है। उन्हें बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनके अलावा चंदा, रोशन, मनीष, किरण, ऋतिक, फूलचंद और दिव्यांश भी घायल हुए हैं। सभी का इलाज चल रहा है।
इधर, गाँव वालों का कहना है कि यह स्कूल प्रशासन की बड़ी गलती है। करीब 10 दिन पहले भी यहाँ दो लड़कियों को करंट लगा था, लेकिन स्कूल ने इसे ठीक नहीं कराया। इसी लापरवाही की वजह से आज इतना बड़ा हादसा हो गया। शिक्षा विभाग के अधिकारी मो. नौशाद अहमद ने कहा है कि वह स्कूल जाकर मामले की जांच करेंगे और जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बच्चों के माता-पिता बहुत डरे हुए हैं और दोषियों को सजा देने की मांग कर रहे हैं।


