IPL 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन से छाए वैभव
Vaibhav Suryavanshi Big Offer, IPL 2026: बिहार के स्टार क्रिकेटर और आईपीएल से पहचान बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी किसी इंट्रोडक्शन के मोहताज नहीं है. बिहार के समस्तीपुर की गलियों से निकले इस खिलाड़ी ने अपनी विस्फोटक बैटिंग से सिर्फ 15 साल की उम्र में एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है. वे IPL 2026 के सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए ओपनिंग कर रहे हैं. पहले ही मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ वैभव ने 15 गेंद पर अर्धशतक लगाकर सबको हैरान कर दिया था.
विदेशी टीम से मिला डेब्यू का ऑफर
वैभव सूर्यवंशी की शानदार बैटिंग की बदौलत अब विदेशी टीमें भी उन्हें अपनी जर्सी में देखने का सपना देख रही हैं. पहले मैच में शानदार बैटिंग के बाद आइसलैंड क्रिकेट ने वैभव को बड़ा ऑफर दिया है. आइसलैंड क्रिकेट का एक सोशल मीडिया पोस्ट फैंस के बीच जमकर वायरल हो रहा है.
दरअसल, आइसलैंड क्रिकेट बोर्ड वैभव की बल्लेबाजी से इतना प्रभावित है कि उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से एक मजेदार पोस्ट की. एक्स पर पोस्ट करते हुए आइसलैंड क्रिकेट ने लिखा कि ‘अगर भारतीय टीम उन्हें नहीं चुनती है, तो वैभव सूर्यवंशी आइसलैंडिक क्रिकेटर बनने के लिए 4 साल की क्वालिफिकेशन अवधि पूरी कर सकते हैं. और तब भी वह टीनएजर ही रहेंगे! यह बस अटकले हैं.’
आइसलैंड क्रिकेट बोर्ड की ओर से यह पोस्ट मजाकिया अंदाज में किया गया था, लेकिन इसने यह साबित कर दिया कि 15 साल के इस खिलाड़ी की चर्चाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर कर हो रही हैं.
IPL 2025 में RR के लिए किया था डेब्यू
वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में 27 मार्च को अपना 15वां जन्मदिन मनाया. IPL 2025 में जब वह 14 साल के थे, तब RR ने ऑक्शन में 1.1 करोड़ रुपए की बड़ी बोली लगाकर उन्हें अपने साथ जोड़ा था. वह आईपीएल ऑक्शन इतिहास के सबसे कम उम्र के करोड़पति बैटर बने थे. इसके बाद वैभव सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बने. लीग के अपने पहले ही सीजन में गुजरात के खिलाफ 35 गेंद पर शतक जड़कर वे इस लीग में दूसरे सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए. इसके साथ ही उन्होंने सबसे युवा शतकवीर बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज किया.
IPL डेब्यू मैच की पहली गेंद पर लगाया सिक्स
गौरतलब है कि IPL 2025 में अपने डेब्यू मैच की पहली ही गेंद पर वैभव ने सिक्स मारकर इनिंग की शुरुआत की. LSG के खिलाफ पहली ही गेंद पर उन्होंने गेंद को स्टैंड्स में भेजकर यह साफ कर दिया कि वह बड़े मंच पर परफॉर्म करने में जरा भी घबराते नहीं है.
IPL 2025 में वैभव ने 7 मैचों में 200+ के स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए थे. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और एक फिफ्टी आई. इसके बाद वैभव ने इंडिया की अंडर-19 टीम के लिए डेब्यू किया और खिताब जीतकर विश्व कप चैंपियन भी बने.


