Sonpur Division news : सोनपुर रेल मंडल में 05 जनवरी को वाणिज्य विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री रौशन कुमार के निर्देशन में मंडल की विभिन्न वाणिज्य टीमों के समन्वित प्रयास से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस विशेष जांच अभियान के दौरान मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई, जिसमें बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट से यात्रा कर रहे कुल 3005 यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों से ₹20,08,930/- की राजस्व वसूली की गई, जिससे मंडल के राजस्व संरक्षण प्रयासों को उल्लेखनीय मजबूती मिली है।
सोनपुर मंडल में निरंतर एवं प्रभावी टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 6,28,368 बेटिकट यात्रियों से ₹42,39,98,978/- का रेल राजस्व अर्जित किया जा चुका है। यह उपलब्धि यात्रियों में टिकट लेकर यात्रा करने की बढ़ती जागरूकता, मंडल स्तर पर सतत निगरानी तथा टिकट जांच टीमों की प्रभावी कार्यप्रणाली का प्रतिफल है।
मंडल प्रशासन का कहना है कि टिकट जांच अभियान केवल राजस्व संरक्षण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षित यात्रा एवं सुव्यवस्थित रेल संचालन सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भविष्य में भी ऐसे विशेष एवं सघन अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि अवैध यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए प्रेरित किया जा सके।

