समाजवादियों का गढ़ रहा है चेरिया बरियारपुर, समझें इस विधानसभा क्षेत्र के सियासी समीकरण

पोलिटिकल डेस्क / चेरिया बरियारपुर : राज्य में प्रथम विधानसभा चुनाव से ही समाजवादियों का गढ़ रहा है चेरियाबरियारपुर विधानसभा क्षेत्र में संपूर्ण चेरियाबरियारपुर खोदाबंदपुर प्रखंड सहित नावकोठी ब्लाक का महेशबारा, पहसारा पश्चिम इसमें शामिल हैं। आजादी के बाद 1952 में हुए प्रथम विधानसभा चुनाव में यहां से सोशलिस्ट पार्टी के उम्मीदवार रामनारायण चौधरी ने उस समय के कांग्रेस के कद्दावर नेता और बिहार के मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह के सखा रामकिशोर सिंह को हराकर इसे समाजवादी पार्टी का गढ़ साबित कर दिखाया।तब कांग्रेस पार्टी की ही राजनीति में बहुमत था।

वर्ष 1957 में बिहार की जातिवादी राजनीतिक समीकरण का बीजारोपण करते हुए कांग्रेस ने यहां से हरिहर महतो को प्रत्याशी बनाया। समाजवादी पार्टी के रामनारायण चौधरी जातीय राजनीति में चुनाव हार गए और हरिहर महतो ने सीट पर कब्जा जमा लिया। 1962 के चुनाव में हरिहर महतो फिर चुनाव जुत गए। वर्ष 1967 के चुनाव में समाजवादी नेता रामजीवन सिंह ने कांग्रेस को हराकर यहां जीत हासिल की और इसे समाजवादी क्षेत्र बना डाला। वर्ष 1969 और 1972 के चुनाव में भी रामजीवन सिंह सोशलिस्ट पार्टी के प्रत्याशी के तौर पर जीतते रहे। लगातार तीन चुनाव जीतने के बाद रामजीवन सिंह इस क्षेत्र में सोशलिस्ट पार्टी के शीर्ष नेताओं में शुमार हो गए।वर्ष 1977 में कांग्रेस के नेता हरिहर महतो ने इस सीट पर जीत दर्ज कराकर सोशलिस्ट पार्टी के गढ़ को ध्वस्त कर डाला।

वर्ष 1980 के विधानसभा चुनाव में सीपीआई के सुखदेव महतो ने कांग्रेस को हराकर इस सीट पर कब्जा जमा लिया। वर्ष 1985 में कांग्रेस के हरिहर महतो ने यह सीट फिर जीत ली। वे राज्य कैबिनेट में मंत्री बनाए गए।लेकिन,वर्ष 1990 में जनता दल के रामजीवन सिंह इस सीट पर फिर से जीतकर वापस ले आए। वे बिहार कैबिनेट में मंत्री बने। 1995 में रामजीवन सिंह ने फिर जनता दल उम्मीदवार के रूप में इस सीट पर जीत दर्ज करायी और राज्य के मंत्रिमंडल में शामिल रहे। वर्ष 2000 के चुनाव में राजद के अशोक कुमार महतो यहां से चुनाव जीते। उन्होंने भी मंत्री पद सुशोभित किया।

वर्ष 2005 में हुए दोनों चुनावों में लोजपा के अनिल चौधरी ने जीत दर्ज करायी। वर्ष 2010 और 2015 के चुनाव में जदयू की कुमारी मंजू वर्मा यहां से जीती।काबर टाल, जयमंगला स्थान,मंझौल अस्पताल, सड़क आदि क्षेत्र की समस्या है। आगामी चुनाव में जद यू से मंजू वर्मा,दिलीप वर्मा, विकास कुशवाहा के नाम चर्चा में हैं। राजद से राजीव नयन पोलो, सावित्री महतो , त्रिवेणी महतो आदि के नाम भावी प्रत्याशी की चर्चा में हैं। लोजपा को सीट मिलने की स्थिति में पूर्व विधायक अनिल चौधरी चुनाव लड सकते हैं।