फिलीपींस में गिरफ्तार गैंगस्टर सुरेश पुजारी को लाया गया भारत, जानिए कितना खतरनाक है सुरेश पुजारी

न्यूज़ डेस्क : गैंगस्टर सुरेश पुजारी को फिलीपींस से भारत भेज दिया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को यह जानकार दी है। यह गैंगस्टर मुम्बई और कर्नाटक में रंगदारी के कई मामलों में वांछित गैंगस्टर सुरेश पुजारी को भारत भेज दिया गया है। पीटीआई रिपोर्ट के अनुसार गैंगस्टर सुरेश मुंबई के नजदीक ठाणे, कल्याण, उल्हासनगर और डोंबिवली इलाके में जबर्दस्ती पैसे वसूलने के कई मामलों में आरोपित था। उसे 14 दिसंबर की देर रात फिलीपींस से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया था।

खुफिया अधिकारियों और केंद्रीय जांच ब्यूरो के अधिकारियों ने उसे नई दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने कहा है कि केंद्रीय एजेंसियों द्वारा पूछताछ के बाद उसे मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा। उसे हिरासत में लेने के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम पहले से ही दिल्ली में मौजूद है। मुंबई और ठाणे पुलिस ने उसके खिलाफ 2017 और 2018 में रंगदारी के कई मामलों में रेड नोटिस जारी किया था। अकेले ठाणे में सुरेश के खिलाफ वसूली के 23 मामले दर्ज हैं। अधिकारियों ने कहा कि पुजारी 15 साल से अधिक समय से फरार चल रहा था और अक्टूबर में फिलीपींस में पकड़ा गया था। मालूम हो कि सुरेश गैंगस्टर रवि पुजारी का करीबी रिश्तेदार है, परंतु 2007 में उससे अलग हो गया था। तत्पश्चात वह विदेश फरार हो गया। अधिकारी ने बताया कि उसने शुरुआत में अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन और रवि पुजारी के साथ काम किया और उसके बाद में खुद का खड़ा कर लिया।