ताड़ी..शराब नहीं, बल्कि नेचुरल ड्रिंक है, चिराग पासवान ने CM नीतीश से की प्रतिबंध हटाने की मांग..

डेस्क : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बाद अब लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास (LJPR) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और जमुई से सांसद चिराग पासवान ने ताड़ी को नेचुरल ड्रिंक बता दिया है। सांसद चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार से राज्य में ताड़ी पर से प्रतिबंध हटाने की मांग भी की है।

चिराग पासवान ने कहा कि हम ताड़ी की तुलना शराब से बिल्कुल नहीं कर सकते… इसे शराब की श्रेणी में भी नहीं रखा जा सकता है। यह ताड़ के पेड़ से पैदा होने वाला एक प्राकृतिक रस ही है। यह शराब में कैसे बदल गया यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके नौकरशाह ही समझ सकते हैं।

सांसद चिराग पासवान ने कहा कि पासी समुदाय के लाखों लोग की जिंदगी ताड़ी पर निर्भर हैं। यह उनकी कमाई का सिर्फ एकमात्र जरिया है। जमुई सांसद चिराग ने कहा कि राज्य के हर ब्लॉक में शराब बनाने की इकाइयां स्थापित हैं और अधिकारी उन्हें संचालित करने की अनुमति भी दे रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना के एक बड़े बंगले में बैठे हुए हैं, जबकि पासी समाज के गरीब लोगों का वर्तमान और भविष्य बिल्कुल अंधेरे में है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनकी दुर्दशा दिखाई नहीं दे रही है।

चिराग पासवान ने प्रशासन पर लगाए गम्भीर आरोप

सांसद चिराग पासवान ने कहा कि राज्य की प्रशासन ताड़ी बेचने वालों के खिलाफ FIR दर्ज कर रहा है और उन्हें गिरफ्तार भी कर रहा है। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो राजधानी पटना में राज्य की पुलिस ने उन्हें बेरहमी से पीटा और जेल में डाल दिया। पासवान ने कहा कि बिहार की पुलिस और अन्य प्रशासनिक अधिकारी अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों को गिरफ्तार नहीं कर रहे हैं क्योंकि वे उनकी कमाई का हिस्सा उनके साथ भी शेयर कर रहे हैं।