बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की गिरफ्तारी के मामले में एसपी लिपि सिंह ने दी गवाही, बेउर जेल जायेंगे विधायक

डेस्क : बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के पैतृक आवास से एके-47 और हैंड ग्रेनेड के बरामदगी के आरोप में गिरफ्तार किए गए विधायक के खिलाफ एसपी लिपि सिंह ने आज गवाही दे दी है। मालूम हो की मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के पैतृक आवास से एके-47 और हैंड ग्रेनेड की बरामदगी के आरोप में गिरफ्तार किए गए थे। विधायक अनंत सिंह के खिलाफ एसपी लिपि सिंह की गवाही आज पूरी हो गई है। मामले में सीबीआई के विशेष अदालत में गत बुधवार को लगभग साढ़े चार घंटे से अधिक समय तक सुनवाई हुई, जिसके बाद मोकामा विधायक को बेउर जेल भेज दिया गया।

जानकारी हो कि 2019 में पटना के एसपी रहने के दौरान लिपि सिंह ने अनंत सिंह के बाढ़ थाना क्षेत्र स्थित आवास में छापेमारी की थी। जिसमे पुलिस ने विधायक के घर से एके 47 सहित दूसरे हथियार बरामद किए थे। जिसके बाद अनंत सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।इस मामले में अब तक आठ लोगों ने गवाही दी है। वर्तमान में सहरसा की एसपी लिपि सिंह नौंवी गवाह हैं। पटना सिविल कोर्ट परिसर में सीबीआई के विशेष न्यायधीश एडीजे 12 प्रजेश कुमार के कोर्ट में सुनवाई चली।

जानकारी के अनुसार लिपि सिंह की गवाही के बाद कोर्ट में अगली सुनवाई के लिए शुक्रवार की तारीख मुकर्रर की है। तब तक के लिए अनंत सिंह को बेउर जेल भेज दिया गया है। मालूम हो कि बीते 16 अगस्त 2019 को विधायक के बाढ़ अनुमंडल के नदावां गांव में स्थित आवास से एके 47 रायफल, ग्रेनेड और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किया गया था। रिमांड के दौरान पुलिस की टीम ने विधायक से इस बारे में पूछताछ कि थी। हथियार और विस्फोटक कब और कहां से लाए गए? किसने दिए? कितने रुपयों में खरीदे गए? इनका इस्तेमाल कहां-कहां किया गया? ये सारे सवाल पुलिस ने उनसे पूछा था।

गौरतलब हो कि बाहुबली विधायक अनंत सिंह पर यूएपीए एक्ट (UAPA Act), आर्म्स एक्ट(Arms Act), विस्फोटक अधिनियम और आईपीसी (IPC) की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। इसी को लेकर केस की जांच अधिकारी (IO) तत्कालीन बाढ़ की एडिशनल एसपी लिपि सिंह ने तीन दिनाें की रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी। हालांकि कोर्ट ने दो दिनों का ही रिमांड दिया।